छात्र आंदोलन के बीच मोदी सरकार का बड़ा ऐक्शन, हटाए गए शिक्षा सचिव विनीत जोशी, किसे मिली जिम्मेदारी?

नीट पेपर लीक को लेकर देशभर में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच केंद्र की मोदी सरकार बड़ा ऐक्शन लिया है। शिक्षा मंत्रालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शिक्षा सचिव विनीत जोशी को हटा दिया गया है। उनकी जगह नरेश पाल गंगवार को उच्च शिक्षा विभाग का नया सचिव नियुक्त किया गया है। विनीत जोशी उच्च शिक्षा विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे और इनके अंदर ही एनटीए भी आता था। राजस्थान कैडर के आईएएस अधिकारी नरेश पाल गंगवार अब उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा, केरल कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी टीके अनिल कुमार को स्कूल शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है। यहां आपको बता दें कि मणिपुर कैडर के 1992 बैच के अधिकारी विनीत जोशी को अब पंचायती राज मंत्रालय में सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है।

कौन हैं नरेश पाल गंगवार?

ट्रेनिंग से इंजीनियर नरेश पाल गंगवार के पास रुड़की विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार में बीटेक, आईआईटी दिल्ली से संचार में एमटेक और राजस्थान विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में एमए की डिग्री है। अपने लंबे करियर में उन्होंने राजस्थान सरकार और केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। राजस्थान में प्रधान सचिव के रूप में और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण और खतरनाक पदार्थों के प्रबंधन जैसे संवेदनशील विषयों को भी संभाला है।

बता दें कि यह फेरबदल ऐसे समय में हुआ है जब छात्रों और विपक्षी दलों के लगातार विरोध प्रदर्शनों के बीच NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं का मुद्दा गरमा हुआ है। प्रदर्शनकारी परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही तय करने और व्यापक सुधारों की मांग कर रहे हैं।

फेरबदल का भाजपा सांसद ने किया स्वागत

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने इस बदलाव का स्वागत करते हुए इसे ‘मोदी गारंटी’ करार दिया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पेपर लीक मामले में लापरवाही दिखाने वाले शिक्षा सचिव को बदल दिया है। पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें कोई भी जिसने लापरवाही या ढिलाई दिखाई हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *