आरक्षण पर महाभारत शुरू, मोदी ने कांग्रेस के तीर को उसी पर चला दिया
रणघोष खास. कुरुक्षेत्र से प्रदीप हरीश नारायण
लोकसभा चुनाव के मेले में भाजपा से बिछुड़े दलितों को वापस अपने घर लाने के लिए भाजपा ने अपने दिलों दिमाग के सभी दरवाजों को पूरी तरह से खोल दिया है। 18 दिनों के अंतराल में दूसरी बार कुरुक्षेत्र की धरा से निकली दलितों के सम्मान और स्वाभिमान की आवाज ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में इस वोट बैंक की तपिश को चरम पर पहुंचा दिया है। यहा बता दे 26 अगस्त को इसी जमीन पर राज्य स्तरीय दलित समारोह हुआ था जिसमें उमड़ी भीड़ ने उदास भाजपा के चेहरे को कमल की तरह खिलखिला दिया था।
शनिवार को कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में अपनी पहली जन आशीर्वाद रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा भाषण घूम घूमकर दलितों पर आकर ठहर रहा था। यह मोदी के जीवन का संभवत: पहला भाषण है जिसमें दलितों का दर्द उनके शरीर के प्रत्येक हिस्सों में गहरे जख्मों की तरह कहरा रहा था। इसलिए उन्होंने पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी, राजीव गांधी के बाद राहुल गांधी पर सीधा प्रहार करते हुए कहा की यह गांधी परिवार लगातार आरक्षण को खत्म करने के एजेंडे पर काम करता आ रहा है। पहले पंडित जी ने संविधान निर्माता बाबा साहेब भीम राव अंबडेकर के राजनीतिक और सामाजिक जीवन को जड़ से खत्म करने में तमाम मर्यादाओं को पार किया। उनका जोर नही चला तो उनके अधूरे मिशन को अब उनकी औलादे पूरा करने में कोई कसर नही छोड़ रही हैं लेकिन मोदी जब तक जिंदा है बाबा साहेब के बनाए आरक्षण को कोई छू नही पाएगा। मोदी अपने भाषण से लोकसभा चुनाव में संविधान खत्म करने के कांग्रेस के नैरेटिव को कमजोर करने में इस बार सफल नजर आए। इसकी वजह भी राहुल गांधी का अमेरिका में आरक्षण को खत्म करने का विवादित बयान है जिसने भाजपा में नई जान डाल दी है। हरियाणा चुनाव में भाजपा इसी बयान को कांग्रेस के इतिहास से जोड़कर अब पूरी तरह से आक्रमक दिख रही है। मोदी ने जिस तरीके से हरियाणा में कांग्रेस राज में दलितों पर हुए अत्याचारों का जिक्र करते हुए भाजपा के बाबा साहेब से बेहतर रिश्तों का जिक्र किया। उससे यह यह साफ जाहिर हो रहा है हरियाणा में भाजपा चुनाव में ओबीसी के बाद दलितों के मुद्दे को सबसे ऊपर रखेगी।
मनोहरलाल के दिलों दिमाग से तैयार हो रहा खाका
चुनाव में गहन मंथन के बाद इसका खाका भी तैयार हो चुका है जो केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल के दिलों दिमाग से जमीन पर उतरने जा रहा है। 16 सितंबर को मनोहरलाल भिवानी जिले की आरक्षित बवानी खेड़ा में विशेष जनसभा को संबोधित करेंगे। वे दलित समाज के लोगों से अलग से भी मिलेंगे। उनके मिलने मिलाने का यह सिलसिला पूरे चुनाव में जारी रहेगा। हरियाणा की प्रत्येक विधानसभा सीट पर दलित समाज को कैसे भाजपा में अपना बनाया जाए। इसके लिए विशेष तोर से हरियाणा सीएम के चीफ मीडिया कोर्डिनेटर रहे सुदेश कटारिया को जिम्मेदारी दी गई है। श्री कटारिया ने 26 अगस्त को कुरुक्षेत्र में बिना भाजपा संगठन ओर सरकार के सहयोग से विपरित हालातों में अपनी कुशल कार्यप्रणाली के चलते कुरुक्षेत्र में दलितों का सफल राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित करके यह साबित कर दिया था की यह समाज भाजपा की आवाज पर घर आने को तैयार है। कुल मिलाकर पीएम मोदी ने अपनी पहली रैली में दलित को सबसे आगे रखकर तीसरी बार सरकार बनाने के लिए संघर्ष करती नजर आ रही भाजपा में जान डाल दी है।