बिग बॉस ओटीटी 2 विनर एल्विश यादव मुश्किलों में फंसते हुए नजर आ रहे हैं. क्योंकि नोएडा पुलिस ने आज एल्विश यादव द्वारा कथित तौर पर आयोजित एक रेव पार्टी के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया. पुलिस द्वारा दर्ज की गई FIR में गिरफ्तार किए गए पांच लोगों के अलावा एल्विश यादव का भी नाम शामिल है. इसी मामले में एल्विश यादव को गिरफ्तार करने के लिए नोएडा पुलिस तीन राज्यों में छापेमारी कर रही है. नोएडा पुलिस की कई टीमें मुंबई, नोएडा और गुरुग्राम पहुंची हुई हैं. बताया जा रहा है कि एल्विश यादव मुंबई में है, जो अब किसी के संपर्क में नही है. एल्विश यादव पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने एल्विश यादव और गिरफ्तार 5 सपेरों के खिलाफ 120 बी (आपराधिक साजिश रचना) और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धाराएं लगाई हैं जिनमें 9, 39, 48A, 49, 50, 51 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने 1 प्लास्टिक की बोतल में भरा लगभग 20 मिलीलीटर स्नेक वेनम मिला है. सभी के पास से कुल मिलाकर 9 सांप, जिनमें 5 कोबरा सांप, एक अजगर सांप, दो दुमुही सांप, एक रेट स्नैक सांप मिले.
पुलिस पूछताछ में उन्होंने बताया वे इन सांपों व स्नैक वैनम का इस्तेमाल रेव पार्टी में करते हैं. वहीं इन तमाम आरोपों के बाद एल्विश यादव ने वीडियो जारी कर पूरे मामले में स्पष्टीकरण दिया है. एल्विश ने वीडियो जारी कर कहा, ‘जो खबरें मेरे खिलाफ फैल रही हैं, जितने भी आरोप मेरे ऊपर लगे हैं, वो बेबुनियाद हैं. मैं पुलिस के साथ सहयोग करने के लिए तैयार हूं. मैं सीएम योगी और पुलिस से कहना चाहता हूं कि मेरी एक पर्सेंट भी इन्वॉल्मेंट नहीं है तो जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हूं. मीडिया मेरा नाम खराब ना करे, जो भी आरोप लग रहे हैं, उनसे मेरा कोई लेना-देना नहीं है.