पेरिस ओलंपिक उद्घाटन से पहले फ्रांस की हाई स्पीड ट्रेनों में तोड़फोड़, आगजनी; 8 लाख लोग प्रभावित

फ्रांस की राजधानी पेरिस में 2024 के ओलम्पिक खेलों की शुरुआत से पहले वहां की हाई स्पीड रेल नेटवर्क में बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ और आगजनी की खबरें हैं। इससे वहां की रेल सेवा पर बुरा असर पड़ा है। इससे 8 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। फ्रांसीसी रेल कंपनी ने एक बयान में कहा है कि कई रेल लाइनों को निशाना बनाकर किए गए “दुर्भावनापूर्ण हमलों” की वजहों से ओलंपिक से पहले पेरिस में ट्रेन परिचालन बुरी तरह बाधित हुआ है।

सरकारी स्वामित्व वाली रेलवे ऑपरेटर, SNCF ने कहा है कि आगजनी और तोड़फोड़ करने वालों ने पेरिस को देश के पश्चिम, उत्तर और पूर्व से जोड़ने वाली रेल लाइनों को निशाना बनाया है। ये हमले ऐसे वक्त में किए गए हैं जब पेरिस में ओलंपिक खेलों की शुरुआत होने वाली है और सप्ताहांत पर यातायात बढ़ने वाला था। अब इसे पूरे देश में यातायात बुरी तरह से बाधित हो जाएगी।

SNCF ने समाचार एजेंसी AFP को बताया, “यह टीजीवी. नेटवर्क को पंगु बनाने के लिए बड़े पैमाने पर किया गया एक बड़ा हमला है। इसकी वजह से कई मार्गों पर रेल परिचालन रद्द करना पड़ा है और यह स्थिति “कम से कम पूरे सप्ताहांत तक बनी रह सकती है, जबतक कि मरम्मत का काम पूरा ना हो जाय।”