देश में सीमा पार से लगातार आ रही घुसपैठ और तस्करी की खबरों के बीच पंजाब सरकार ने इससे निपटने के लिए एक घोषणा की है। नशीली दवाओं की तस्करी से निपटने के लिए बॉर्डर पर जल्द ही एंटी ड्रोन सिस्टम तैनात किए जाएंगे। पंजाब के राज्यपाल ने ड्रग्स और हथियारों की तस्करी के लिए सीमा पार से ड्रोन के इस्तेमाल पर चिंता व्यक्त की है। राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने बुधवार को घोषणा की है कि घुसपैठ को रोकने के लिए पाकिस्तान की सीमा से सटे पूरे क्षेत्र को ड्रोन रोधी तकनीक से लैस किया जाएगा। उन्होंने कहा, “ड्रोन समस्या का समाधान होना चाहिए। केंद्रीय गृह मंत्रालय इस बारे में बहुत गंभीर है और मुझे बताया गया है कि पाकिस्तान की सीमा से सटे क्षेत्र में एक साल के अंदर ड्रोन रोधी तकनीक विकसित कर ली जाएगी।”
द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक राज्यपाल ने कहा है नशीली दवाओं की समस्या के बढ़ते खतरे के मद्देनजर उन्होंने कई बार सीमावर्ती क्षेत्रों किया है। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय लोगों से इस बारे में स्थिति की जानकारी भी ली है। राज्यपाल ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों और स्थानीय निवासियों के बीच भागीदारी और सहयोग के महत्व पर जोर दिया है। अपने लगभग तीन साल के कार्यकाल के दौरान राज्यपाल का अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, पठानकोट, फिरोजपुर और फाजिल्का के सीमावर्ती जिलों का यह छठा दौरा था।