हमारी पीढ़ी से ज्यादा ईमानदार और देशभक्त जेन-जी: RSS चीफ बोले- उन्हें चाहिए तार्किक जवाब

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि जेन-जी और जेन-अल्फा उनकी पीढ़ी से भी ज्यादा ईमानदार और देशभक्त है। उन्होंने यह भी कहा कि ‘जेन जेड’ आज सवाल पूछता है और उसका तार्किक जवाब चाहता है। उन्होंने दो टूक कहा कि Gen-Z का आंदोलन राष्ट्रविरोधी नहीं है बल्कि वह लोकतंत्र का एक सशक्त माध्यम है। भागवत ने कहा, “मैं यह नहीं कहूंगा कि जेन-जेड को प्रदर्शन नहीं करना चाहिए, लेकिन लोकतंत्र में ऐसा करने के कुछ तरीके होते हैं।” संघ प्रमुख ने कहा कि हमें उनकी बात सुननी चाहिए थी। उनसे बातचीत में कमी थी, इसीलिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर ऐसा आंदोलन हुआ।

मुंबई के नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर में इंडिया इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशंस यानी IIMUN द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में जेन-जी और जेन-अल्फा को संबोधित करते हुए संघ प्रमुख ने ये बातें कहीं। भागवत ने कहा, “…लोकतंत्र में विरोध भी आम सहमति बनाने का एक तरीका है। कई तरह के विचार सामने आते हैं और चर्चा के बाद आम सहमति बनती है; यह चर्चा बातचीत के ज़रिए हो सकती है। अगर अलग-अलग वजहों से बात नहीं सुनी जाती, तो आंदोलन किया जा सकता है। लेकिन ऐसा आम सहमति बनाने के लिए किया जाना चाहिए, न कि बंटवारा करने के लिए।”

Gen Z “अपने लोग” हैं

युवाओं के नेतृत्व में दुनिया के सबसे बड़े सम्मेलनों में से एक में हिस्सा लेते हुए RSS प्रमुख ने कहा कि Gen Z “अपने लोग” हैं और अगर वे विरोध कर रहे हैं, तो उनकी चिंताओं पर ध्यान दिया जाना चाहिए। ‘दुनिया को जोड़ने में युवाओं की भूमिका: भारतीय तरीका’ (The Role of Youth in Uniting the World, the Indian Way) नाम के सम्मेलन में भागवत ने कहा, “अगर Gen Z विरोध कर रहा है, तो वे निश्चित रूप से देश-विरोधी नहीं हैं; वे हमारे अपने लोग हैं, हमारी अगली पीढ़ी हैं।”

Gen Z की शिकायत सही है

75 वर्षीय RSS प्रमुख ने कहा कि वह यह नहीं कहेंगे कि Gen Z को विरोध नहीं करना चाहिए, लेकिन लोकतंत्र में ऐसा करने के कुछ तरीके होते हैं। भागवत ने कहा, “मुझे लगता है कि नई पीढ़ी – Gen Z और Gen Alpha – हमारी मौजूदा पीढ़ी से ज़्यादा ईमानदार है, और वे देशभक्ति और सेवा से जुड़ी अपीलों पर सच्चे दिल से प्रतिक्रिया देते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “जहाँ तक Gen Z की बात है, हाल ही में जो हुआ – उनकी शिकायत सही है। भारत की शिक्षा व्यवस्था में बहुत कुछ करने की जरूरत है, और ऐसा नहीं हो रहा है; इसलिए यह मुद्दा उठाया जा रहा है। तो, सच में बातचीत होनी चाहिए।”

इस उम्र में हम बड़ों की बात मान लेते थे

संघ प्रमुख ने अपने अनुभव के बारे में एक सवाल के जवाब में कहा, “Gen Z के बारे में मेरे अनुभव की बात करें तो, जब हम उनकी उम्र के थे, तो हम बड़ों की बात मान लेते थे, कभी सवाल नहीं उठाते थे। अब, Gen Z और Gen Alpha सवाल पूछते हैं, उन्हें तार्किक जवाब और प्यार चाहिए… लोकतंत्र में यही तरीका है। इसे अंग्रेज़ी में ‘डिबेट’ कहते हैं, हम इसे ‘शास्त्रार्थ’ कहते हैं – वहाँ कोई बहस नहीं होती, बल्कि दो पक्ष होते हैं: ‘पूर्व’ और ‘उत्तर’।”

Gen Z का आंदोलन मेरे या आपके खिलाफ नहीं

संघ प्रमुख ने कहा, “हम सभी पहलुओं को देखते हैं। हर किसी का अपना नजरिया होता है, इसलिए हर विषय में एक नया पहलू सामने आता है। तो, हमें बहुत सारी राय और विरोधी राय मिलती हैं, जो मिलकर सच्चाई की पूरी तस्वीर बनाती हैं। ऐसा जरूर होना चाहिए। मैं यह नहीं कहूँगा कि Gen Z को विरोध नहीं करना चाहिए, लेकिन लोकतंत्र में विरोध करने और काम करने के कुछ तरीके होते हैं। संविधान बनाने वालों ने डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के भाषणों में, इस बारे में संकेत दिए हैं। इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए। हमें भी यह देखना चाहिए कि Gen Z विरोध करने के लिए आवाज़ नहीं उठा रही है, वे ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि उन्हें कुछ दिक्कतें हैं और उन्हें ठीक किया जाना चाहिए। आंदोलन मेरे या आपके ख़िलाफ नहीं, बल्कि सिस्टम को ठीक करने के लिए होना चाहिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *