रणघोष अपडेट. रेवाड़ी
दिन दहाड़े बदमाश पिस्टल की नोक पर बाजार में ज्वैलर्स की दुकानों को निशाना बनाते हैं रात को पेट्रोल पंप पर लूट करते हैं। आए दिन हो रही इन घटनाओं से यह साफ जाहिर हो रहा है की बदमाशों में कानून का खौफ खत्म हो चुका है। सोमवार को बावल कस्बे में दिन दहाड़े बदमाशों ने एक ज्वेलरी शोरूम पर लूट की। 3 राउंड फायर किए, जिनमें एक गोली शोरूम के मालिक के बेटे को लगी। इसके बाद बदमाश कैश के अलावा गहने लूट कर ले गए। इतना ही नही बदमाशों ने खरीदारी करने आई बुजुर्ग महिला को भी नही बख्शा। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। प्रीतम सिंह सोनी का कटला बाजार में कोमल ज्वेलर्स नाम से शोरूम है। सोमवार को वह अपने बेटे के साथ शोरूम पर थे। एक बुजुर्ग महिला उनके शोरूम पर खरीदारी कर रही थी। तभी एक बाइक पर सवार होकर आए 3 नकाबपोश बदमाश उनके शोरूम में दाखिल हुए।बदमाशों ने सीधे प्रीतम सिंह के माथे पर पिस्टल तान दी। एक बदमाश ने हाथ में डंडा लिया हुआ था। उसने शोरूम के शीशे तोड़े, गहने निकाले। इसके बाद वहां रखे आभूषण लूटकर बैग में डालने शुरू किए तो मौके पर प्रीतम के बेटे ने विरोध किया। इसके बाद बदमाशों ने दो राउंड हवा में फायर किए। दुकानदार के बेटे ने एक बदमाश को पकड़ना चाह लेकिन अचानक दूसरे ने गोली मारी जो उसके पैर में लगी। सूचना मिलते ही सबसे पहले बावल थाना प्रभारी लाजपत मौके पर पहुंचे। इसके बाद बावल डीएसपी सुरेंद्र श्योराण के अलावा एसपी गौरव राजपुरोहित ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। लोकल पुलिस के अलावा सीआईए की टीमें बदमाशों की धरपकड़ में लगी हुई हैं।