रणघोष अपडेट. जम्मू कश्मीर
जम्मू कश्मीर में उमर अब्दुल्ला को गुरुवार को सर्वसम्मति से नेशनल कॉन्फ्रेंस विधायक दल का नेता चुना गया। पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने यह जानकारी साझा की। इस दौरान उमर अब्दुल्ला ने उन्हें समर्थन देने के लिए सभी विधायकों का आभार भी जताया।फारूक अब्दुल्ला ने कहा, “विधायक दल की एक बैठक हुई जिसमें सभी ने भाग लिया। हमने सर्वसम्मति से उमर अब्दुल्ला को अपना नेता चुना है।”उन्होंने कहा कि सरकार गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए शुक्रवार को चुनाव पूर्व गठबंधन सहयोगियों की बैठक होगी। इससे पहले, नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के सभी नवनिर्वाचित विधायकों ने पार्टी मुख्यालय नवा-ए-सुबह में बैठक कर अपना नेता चुना, जो जम्मू-कश्मीर विधानसभा में मुख्यमंत्री भी हो सकते हैं। उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के विधायकों को उन्हें अपना नेता चुनने के लिए धन्यवाद दिया, ताकि वह जम्मू एवं कश्मीर में सरकार बनाने का दावा पेश कर सकें।