मुजफ्फरनगर के बाद उत्तराखंड के रुड़की से कांवड़ियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ कांवड़िए हाथ में डंडा लिए ई-रिक्शा को तोड़ते हुए दिख रहे हैं। उन्होंने ई-रिक्शा ड्राइवर की भी बुरी तरह पिटाई की। उसके सिर में धारदार हथियार से वार किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने उसके ई रिक्शा में तोड़फोड़ कर दी। पीड़ित का कसूर इतना था कि उसका ई-रिक्शा एक कांवड़ यात्री से टच हो गया था। घायल को उपचार के लिए पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मंगलौर में भर्ती कराया जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मूल रूप से ताल्हेडी बुजुर्ग थाना देवबंद जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश का रहने वाला संजय काफी समय से ग्राम लिब्बाहरेड़ी में अपने भाई के साथ किराए के मकान में रहते हुए ई रिक्शा चलाता है, जिससे वह अपना वह अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा है। मंगलवार की शाम को जब वह मंगलौर से मंडावली के लिए सवारी लेकर जा रहा था तब ग्राम लिब्बरहेड़ी के पास किसी कांवड़ यात्री से उसकी ई रिक्शा का पिछला हिस्सा लग गया। गुस्साए कांवड़ यात्रियों ने संजय की पिटाई कर दी।
बताया जा रहा है कि संजय के सिर पर किसी धारदार हथियार से प्रहार किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुआ है। कावड़ियों ने उसकी ई रिक्शा में तोड़फोड़ भी कर डाली, जिससे उसकी ई-रिक्शा भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को मंगलौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। घटना को अंजाम देने वाली कांवड़ियों के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस का कहना है कि हाईवे पर सक्रियता बढ़ा दी गई है। घायल को उपचार,साथ ही अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।