कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एकबार फिर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि अगर ऐसा नहीं होता है तो बात सिर्फ धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की ही नहीं रहेगी बात आप (पीएम मोदी) के इस्तीफे पर आ जाएगी।
दीपके ने जंतर-मंतर पर मंच से प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा ‘मोदी जी मेरा आपसे फिर से आग्रह है कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा ले लीजिए वरना बात सिर्फ धमेंद्र प्रधान के इस्तीफे की नहीं रहेगी बात आपके इस्तीफे पर भी आ जाएगी। और वो आएगी जैसी आपकी हरकतें हैं। इतना तो मैं आप लोगों से कह सकता हूं कि बात आएगी।’
दीपके ने आगे कहा ‘छात्रों की बात सुन लीजिए। एक फेल और अयोग्य मंत्री इस देश के करोड़ों छात्रों से ज्यादा जरूरी नहीं हो सकता। अगर एक फेल और अयोग्य मंत्री करोड़ों छात्रों से ज्यादा जरूरी है तो याद रखना चुनाव में आपको इनमें से कोई वोट नहीं करेगा।’
कल देशभर में प्रदर्शन
आपको बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी ने 24 जुलाई को देशभर के हर जिले में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की घोषणा की है। पार्टी ने इस अभियान का नारा ‘हर जिला, एक दिन, एक मांग’ रखा है। पार्टी ने बड़ी संख्या में छात्रों और आम नागरिकों को इस प्रदर्शन से जुड़ने की अपील की है।
20 जून से जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन जारी
कॉकरोच जनता पार्टी 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। वह नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, परीक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रभावित छात्रों को न्याय देने की मांग कर रही है।
जंतर-मंतर पर लगाई गईं पाबंदियों पर भड़के दीपके
जंतर-मंतर पर प्रदर्शकारियों को हो रही परेशानियों पर अभिजीत दीपके ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि यहां पर न किसी के फोन चलते हैं न किसी के फोन आते हैं न हम इंटरनेट चला पा रहे हैं। जंतर-मंतर को वॉर जोन बना दिया गया है। इतनी ज्यादा बैरिकेडिंग इतनी ज्यादा पुलिस फोर्स हर जगह जैमर्स लगा रखे हैं। अगर इतने ही मेहनत पेपर लीक को रोकने में लगा देते तो 20 से ज्यादा बच्चों की आत्महत्या नहीं होती। प्रधानमंत्री पूरी दिल्ली को ठप करने के लिए तैयार हैं मगर धमेंद्र प्रधान को हटाने के लिए तैयार नहीं। ऐसा क्या मिलता है धमेंद्र प्रधान से आपको ऐसा क्या देते हैं धमेंद्र प्रधान आपको?’