18वीं लोकसभा के लिए चुनाव की 44 दिनों की लंबी प्रक्रिया के बाद परिणाम का दिन आ गया है। थोड़ी ही देर में पहला रुझान आ जाएगा। 4 जून यानी आज साफ हो जाएगा कि दिल्ली की गद्दी पर कौन बैठने जा रहा है। ज्यादातर एग्जिट पोल बीजेपी की अगुआई वाले एनडीए गठबंधन को जबरदस्त बहुमत दे रहे हैं। वहीं कांग्रेस का दावा है कि वह कम से कम 295 सीटों पर जीत रही है। सुबह 8 बजे से ही वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी और फिर धीरे-धीरे राजनीतिक तस्वीर साफ होने लगेगी। दोपहर बाद तक पता चल जाएगा कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं या फिर इस बार विपक्षी दलों वाले इंडिया गठबंधन ने सत्तारूढ़ दल के सामने चुनौती खड़ी कर दी।
बता दें कि देश की कुल 543 लोकसभा सीटों के लिए सात चरणों में मतदान कराए गए थे। कुल 8360 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद है। अंतिम चरण के मतदान के बाद ज्यादातर ‘एग्जिट पोल’ के पूर्वानुमानों में एनडीए गठबंधन को 400 पार के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी लक्ष्य के करीब दिखाया गया है, वहीं ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए 180 सीटों के आंकड़े तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव परिणाम के साथ ही आंध्र प्रदेश और ओडिशा के विधानसभा चुनावों के नतीजों का भी ऐलान किया जाएगा। लोकसभा की 542 सीटों पर ही मतगणना होनी है क्योंकि गुजरात की सूरत सीट पर बीजेपी प्रत्याशी को पहले ही निर्विरोध विजयी घोषित किया जा चुका है।
मतगणना के लिए सभी राज्यों के जिला मुख्यालयों पर मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। सभी मतगणना केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था है। सबसे पहले सभी मतदान केंद्रों पर डाक मतपत्रों की गिनती शुरू कराई जाएगी। उसके आधे घंटे के बाद ईवीएम मशीनों की और अंत में पांच-पांच वीवीपैट की गणना की जाएगी। भाजपा अगर सत्ता में आती है, तो मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के उस रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे, जिसमें उन्होंने अपनी पार्टी को लगातार तीन चुनावी जीत दिलाई थी। अगर वह विफल होते हैं, तो वह रिकॉर्ड से चूक जाएंगे।