राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण और धुंध का असर विमान सेवाओं पर भी पड़ रहा है। एक अधिकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में खराब दृश्यता के कारण सोमवार सुबह दिल्ली हवाई अड्डे पर कुल 11 उड़ानें डायवर्ट की गईं और कई के उड़ान में देरी हुई।
सोमवार को स्पाइसजेट और इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के माध्यम से यात्रियों को सूचित किया कि राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण के उच्च स्तर से खराब हुई दृश्यता के कारण उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।
अधिकारी ने कहा कि 11 उड़ानों में से 10 को जयपुर और एक को देहरादून डायवर्ट किया गया। उन्होंने कहा कि कुछ पायलटों को कैट III संचालन के लिए प्रशिक्षित नहीं किया गया था, जिसके कारण उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। मोटे तौर पर CAT III प्रशिक्षित पायलटों को बहुत कम दृश्यता की स्थिति में भी विमान उड़ाने या उतारने की अनुमति प्राप्त है।