राहुल गांधी आरक्षण और संविधान को लेकर दलितों में फैला रहे हैं नेरेटिव : सुदेश कटारिया

अहीरवाल में कांग्रेस के नेरेटिव को तोड़ने के लिए मनोहर टीम ने संभाली कमान

 कोसली और अटेली विधानसभा में आयोजित हुए दलित स्वाभिमान सम्मान समारोह


रणघोष अपडेट. कोसली. अटेली

 कांग्रेस के आरक्षण खत्म करने और संविधान बदलने को लेकर फैलाए जा रहे नेरेटिव को तोड़ने के लिए मनोहर टीम चुनावी मैदान में उतर चुकी है। मनोहर टीम के मुख्य सिपाही व भाजपा नेता सुदेश कटारिया कांग्रेस के संविधान और आरक्षण को लेकर फैलाए गए भ्रम के प्रति दलितों को सचेत कर रहे हैं। इसी कड़ी में अहीरवाल क्षेत्र की कोसली और अटेली विधानसभा में दलित स्वाभिमान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता के तौर पर भाजपा नेता सुदेश कटारिया ने दलितों को आगाह किया कि बाबू-बेटे की राजनीति को चमकाने के लिए मोहरा नहीं बनना है, बल्कि दलित हितों की रक्षा, न्याय और सम्मान देने वाली पार्टी भाजपा को तीसरी बार सत्ता में लाने में अपना योगदान देना है। उन्होंने अटेली से भाजपा प्रत्याशी आरती राव और कोसली से अनिल यादव के समर्थन में प्रचार किया।

कोसली हलके के गांव नाहड़ में आयोजित दलित स्वाभिमान समारोह में बतौर मुख्य वक्ता बोलते हुए भाजपा नेता सुदेश कटारिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश की सबसे बड़ी दलित विरोधी पार्टी है और इसी एजेंडे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चुनाव प्रचार के दौरान संविधान की प्रति दिखाकर दलितों को भ्रमित कर रहे हैं। यह संविधान की प्रति सार्वजनिक मंचों पर लहराने के लिए नहीं है बल्कि यह दलितों की सुरक्षा और न्याय का अधिकार है। कांग्रेस संविधान का अपमान करने के साथ दलितों को भी आरक्षण खत्म करने पर गुमराह कर रही है।  कटारिया ने दलित स्वाभिमान समारोह में दलितों को संकल्प दिलाया कि दलित विरोधी पार्टी के समर्थन में वोट नहीं करेंगे, बल्कि एकजुट होकर देश के विकास और भाजपा की हैट्रिक के लिए वोट करेंगे।  

 कांग्रेस दो बार दलितों के मसीहा बाबा साहेब को हराया चुनाव

भाजपा नेता सुदेश कटारिया ने कहा कि कांग्रेस ने 2 बार बाबा साहेब को चुनाव हरवाया क्योंकि कांग्रेस डरती थी कि वे संसद में बाबा साहब के सवालों का जवाब नहीं सकते हैं। कांग्रेस ने संसद के सेंट्रल हाल में बाबा साहब की तस्वीर तक नहीं लगने दी। दलित हिंसा की सबसे ज्यादा घटनाएं कांग्रेस के राज में ही हुई हैं और अब इनका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। कांग्रेस के एक नेता जिन्होंने मिर्चपुर कांड के समय भी दलितों के साथ बदनीयत दिखाई थी उनके ऑफिस में कांग्रेस कार्यकर्ता डंके की चोट पर कह रहे हैं कि एक दिन तो आरक्षण खत्म होकर ही रहेगा। कांग्रेस ने आरक्षण खत्म करने का प्लान बना लिया है और हरियाणा उनके लिए टेस्ट स्टेट होने वाला है लेकिन जब तक भाजपा है, एससी, एसटी और ओबीसी समाज के आरक्षण को कोई भी खत्म नहीं कर सकता है।

जातीय जनगणना को लेकर राहुल गांधी पर दागे तीखे सवाल

भाजपा नेता सुदेश कटारिया ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा जातीय जनगणना कराने को लेकर तीखे सवाल दागे। उन्होंने राहुल गांधी से पूछा कि कांग्रेस ने 60 साल देश में राज किया, तब कांग्रेस ने जातीय जनगणना क्यों नहीं कराई। जिन दलित हितों की बात राहुल गांधी सार्वजनिक मंचों से करते हैं, जब कांग्रेस की लगातार 10 साल केंद्र और प्रदेश में सरकार रही तो दलितों पर अत्याचार क्यों हुए। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष केंद्र में दलित अफसरों की भागेदारी पर सवाल उठा रहे हैं, जब उनकी 10 साल केंद्र में सत्ता थी, तब कितने दलित अफसर सरकार का हिस्सा थे और उन्हें किस तरह के अधिकार दिए गए थे, इसका पूरा ब्योरा दें। दलितों के हित में बजट लागू करने की बात करने वाले राहुल गांधी को अपने समय में भी दलितों के उत्थान को लेकर जारी किए गए बजट का ब्योरा भी देना चाहिए।