Rahul Gandhi Controversy: Ravneet Singh Bittu का पलटवार, बोले– लहजा और लिहाज राजनीति में जरूरी
राहुल गांधी द्वारा ‘गद्दार दोस्त’ कहे जाने पर रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का कड़ा जवाब। फिटनेस, बदसलूकी और संसदीय मर्यादा पर बोले बिट्टू।
Rahul Gandhi News, Ravneet Singh Bittu Statement, Parliament Controversy, BJP vs Congress, Rahul Gandhi Fitnes Remark, Political Row India
संसद परिसर में राहुल गांधी और रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच हुए टकराव के बाद सियासी माहौल और गरमा गया है। राहुल गांधी द्वारा बिट्टू को ‘गद्दार दोस्त’ कहे जाने पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए रवनीत सिंह बिट्टू ने न केवल बदसलूकी का आरोप लगाया, बल्कि राजनीति में भाषा और व्यवहार की मर्यादा का सवाल भी उठाया।
रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि ठीक है राहुल गांधी की अच्छी फिटनेस है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसी के साथ बदसलूकी की जाए। उन्होंने कहा, “मेरे बराबर राहुल गांधी? मैं हाइट की बात नहीं कर रहा, हाथ हमारा भी भारी ही होता है। लेकिन राजनीति में हमारा काम यह नहीं है। हमें जो भी बात कहनी है, वह लहजे और लिहाज के साथ, संसदीय भाषा में करनी चाहिए।”
स्पीकर से की शिकायत
इस पूरे मामले में बिट्टू ने लोकसभा अध्यक्ष का रुख किया है। उन्होंने कहा कि स्पीकर सदन के कस्टोडियन हैं और अगर संसद परिसर में इस तरह की घटनाएं होंगी, तो आखिर सांसद किसके पास जाएंगे। बिट्टू के अनुसार, संसद के भीतर और बाहर मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस सांसदों पर आरोप लगाया कि बिना ताकत के ही गुंडागर्दी जैसा व्यवहार किया जा रहा है। बिट्टू ने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।
‘सड़क के गुंडे जैसा व्यवहार’ का आरोप
रवनीत सिंह बिट्टू ने आरोप लगाया कि जब वह सदन के अंदर जाने लगे, तब भी राहुल गांधी और उनके साथ मौजूद लोगों ने वैसा ही व्यवहार किया जैसा सड़क के गुंडे करते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नेता विपक्ष हैं, लेकिन समझ नहीं आता कि उन्हें इतना गुस्सा क्यों है।
बिट्टू ने दावा किया कि राहुल गांधी उनकी ओर हाथ बढ़ाकर आए, लेकिन उन्होंने साफ कहा कि वह कभी हाथ नहीं मिलाएंगे। उनके अनुसार, वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह केसी वेणुगोपाल और सुखजिंदर सिंह रंधावा ने राहुल गांधी को रोका।
सिखों को निशाना बनाने का आरोप
बिट्टू ने गांधी परिवार पर सिखों को लगातार निशाना बनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने हमेशा सिखों की पगड़ी और सम्मान का अपमान किया है। उन्होंने कहा, “मेरे सिर पर गुरु की पगड़ी है। मैं पंजाब से हूं। मैं किसी के आगे झुक नहीं सकता।”
उन्होंने कांग्रेस पर 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि सिखों के कत्लेआम और पवित्र गुरुद्वारों के अपमान का इतिहास देश जानता है।
विवाद और गहराने के संकेत
इस पूरे घटनाक्रम के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है। एक तरफ भाजपा इसे संसद की गरिमा और सिख सम्मान से जोड़कर देख रही है, वहीं कांग्रेस इस विवाद को राजनीतिक हमला बता रही है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर संसद के भीतर और बाहर बयानबाजी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।