शिवाजी प्रतिमा: उद्धव बोले- महाराष्ट्र की जनता कभी माफ नहीं करेगी

रणघोष अपडेट.  मुंबई से 

छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा ढहने के मुद्दे पर पर एमवीए प्रदर्शन कर रहा है। प्रतिमा ढहने के विरोध में विपक्षी दलों ने गेटवे ऑफ इंडिया की ओर मार्च किया। इस दौरान उद्धव ठाकरे ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महाराष्ट्र के लोग उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति ढहने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माफी अहंकार से भरी है। शरद पवार ने कहा है कि छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का ढहना भ्रष्टाचार का उदाहरण है। पुलिस द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद विपक्षी दलों का गेटवे ऑफ़ इंडिया तक यह मार्च निकाला गया। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे, राज्य कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले और एनसीपी (एसपी) सुप्रीमो शरद पवार समेत विपक्ष के शीर्ष नेताओं ने इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।शरद पवार, उद्धव ठाकरे, नाना पटोले और वर्षा गायकवाड़ ने ‘संयुक्त महाराष्ट्र’ आंदोलन में शहीद हुए लोगों की याद में बने हुतात्मा चौक पर पुष्पांजलि अर्पित कर विरोध मार्च की शुरुआत की।

विरोध प्रदर्शन के मार्ग पर पूरे दक्षिण मुंबई में पुलिस की भारी तैनाती की गई थी और गेटवे ऑफ इंडिया के आसपास के इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया था। मुंबई पुलिस ने विरोध मार्च के लिए अनुमति नहीं दी थी, केवल हुतात्मा चौक पर एक सभा की अनुमति दी गई थी। केवल वरिष्ठ नेताओं को गेटवे ऑफ इंडिया तक जाने की अनुमति दी गई थी।