सोशल मीडिया पर वायरल होने के चक्कर में आजकल लोग अजीबोगरीब हरकतें कर रहे हैं। कुछ लोगों को तो इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ता है। एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां लड़के ने फेमस होने के लिए कोबरा को अपने मुंह में दबा लिया। अब बताया जा रहा है कि सांप के काटने से उसकी मौत हो गई है। यह घटना तेलंगाना के कामारेड्डी जिले की है। मृतक लड़के की पहचान शिवराज के रूप में हुई, जो 20 साल का था।
वीडियो में दिख रहा है कि शिवराज सड़क के बीचों-बीच खड़ा है और कोबरा को अपने मुंह के अंदर डाल रहा है। ऐसा लगता है कि उसने दांतों से सांप को दबाया हुआ है, जो बचने के लिए छटपटाता नजर आ रहा है। लड़का इस दौरान हाथ जोड़कर कैमरे की ओर देख रहा है। वह अपने बालों को भी सहलाता है। कोबरा उसके मुंह में ही दबा हुआ है और 48 सेकंड्स का वीडियो समाप्त हो जाता है। कहा जा रहा है कि शिवराज अपने पिता के साथ साथों को पकड़ने का काम करता था।