बात रेवाड़ी जिला भाजपा राजनीति की..

पढ़ते पढ़ाते राजनीति पाठशाला में मुखिया बन गई वंदना पोपली

— पता ही नही चला


 रणघोष खास. रेवाड़ी

पढ़ते पढ़ाते स्कूल से सीधा राजनीति की पाठशाला में पहुंची रेवाड़ी के माडल टाउन में रहने वाली वंदना पोपली को हरियाणा भाजपा प्रदेश हाईकमान ने अचानक जिला रेवाड़ी अध्यक्ष बनाकर सभी को चौका दिया है। वह रेवाड़ी जिले की पहली महिला अध्यक्ष है जिसे जनरल बॉडी का मुखिया बनाया गया है।

वंदना पोपली को यह जिम्मेदारी राजनीति में अपनी दमदार मौजूदगी शानदार व्यक्तित्व से मिली है। पिछले दिनों महेंद्रगढ़ में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में मंच संचालन की जिम्मेदारी मिलना यह साबित करता है की इस महिला नेत्री ने इस क्षेत्र में खुद को साबित करने के लिए अपने अंदर छिपी वंदना  को ही अपनी असली ताकत बना लिया था। उनकी कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नही है। पति नवीन पोपली जरूर राजनीति गलियारों में घूमते रहे हैं जिसका असर वंदना पर नजर आता चला गया। शिक्षिका से प्रदेश प्रवक्ता और अब जिला अध्यक्ष बनाने में नवीन साये की तरह वंदना के साथ नजर आते है। दोनो शिक्षक दंपति की यह राजनीति यात्रा इतनी आसान नही रही है। राजनीति में कदम रखना उनके जीवन का सबसे बड़ा जोखिम भरा फैसला रहा है जहां एक तरफ शिक्षक के  तोर पर अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए पारिवारिक और सामाजिक दायित्वों को पूरा करना दूसरी तरफ राजनीति में तमाम हथकंडों से खुद को बचाते हुए एक पोजीशन को हासिल करना था। पोपली दंपति ने कांग्रेस छोड़कर जब भाजपा को अपना असली घर बताया तो उस समय भाजपा प्रदेश में कई मोर्चों पर लड़ रही थी। मुख्यमंत्री मनोहरलाल के काम करने के तौर तरीकों को समझ पाना किसी के लिए आसान नही था। वंदना ने मीडिया की जिम्मेदारी में खुद को तैयार किया और चैनल की स्क्रीन पर डिबेट में भाजपा को कभी बैकफुट पर नही आने दिया और अपनी अलग से छाप छोड़ी। चैनलों के पैनालिस्ट में वह अग्रणी पंक्ति में नजर आ रही थी। पूरी तैयारी के साथ तथ्यों को जुटाकर दमदार तरीके से पार्टी का  पक्ष रखने की वजह से वह हाईकमान में नामी चेहरा बन गईं। हरियाणा विधानसभा चुनाव से दो महीने पहले जिला रेवाड़ी अध्यक्ष की जिम्मेदारी बेहद ही सोच समझकर दी गई है। वंदना पंजाबी चेहरा होने के साथ साथ महिला सशक्तिकरण के तौर पर चुनाव में मजबूती का काम करेगी। रेवाड़ी विधानसभा सीट पर पंजाबी समुदाय सबसे बड़े वोट बैंक तौर पर हार जीत की वजह बनता रहा है। जाहिर है वंदना को मिली इस नई जिम्मेदारी से चुनाव में भी विशेषतौर से रेवाड़ी सीट पर खड़े होने वाले उम्मीदवार को अच्छी खासी ताकत मिलेगी साथ ही राजनीति में महिलाओं की भागेदारी के तौर पर भी भाजपा एक बड़ा संदेश देने में कामयाब हो जाएगी। वंदना पोपली को यह जिम्मेदारी इस बात को साबित करती है।