वीकेंड पर बदलेगा मौसम का मिजाज, UP से लेकर हरियाण-पंजाब तक आंधी और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) ने अपनी ताजा मौसम भविष्यवाणी में एक नए पश्चिमी विक्षोभ की बात कही है जो कि 10 से 12 जनवरी तक उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इस विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम भारत और केंद्रीय भारत के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 11 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, राजस्थान में 11 जनवरी को कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिणी बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके कारण 11 और 12 जनवरी को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 11 जनवरी को भारी बारिश की संभावना भी जताई जा रही है।

शीतलहर का अलर्ट

पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। पश्चिमी मध्य प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इसके बाद तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और पंजाब में 9 जनवरी को शीतलहर की चेतावनी जारी की है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 9 और 10 जनवरी को शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 10 जनवरी तक घना कोहरा जारी रहेगा।