टीकाकरण में यूपी-बिहार सबसे आगे, अमेरिका और ब्रिटेन के बाद दुनिया में भारत का तीसरा स्थान

कोरोना टीकों की सर्वाधिक खुराक लगाने वाले देशों की सूची में भारत तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि इस सूची में अमेरिका और ब्रिटेन भारत से ऊपर हैं। देशव्यापी टीकाकरण के तहत सात फरवरी की सुबह आठ बजे तक कुल 57.75 लाख लोगों को टीका लगाया गया। ब्लूमबर्ग के मुताबिक इस दौरान अमेरिका में लोगों को टीके की 4.04 करोड़ खुराक दी गई है, जबकि ब्रिटेन में यह आंकड़ा 1.19 करोड़ है।

भारत में टीका लगवाने वालों में 53,04,546 स्वास्थ्यकर्मी और 4,70,776 अग्रिम मोर्चे के कर्मी शामिल हैं। देश के 12 राज्यों में दो-दो लाख से अधिक लाभार्थियों को टीका लगाया जा चुका है। पिछले 24 घंटे में 8,875 सत्रों में 3,58,473 लाभार्थियों को टीका लगाया गया। अब तक कुल 1,15,178 सत्र आयोजित किए जा चुके हैं।

13 प्रदेशों के 60 फीसदी से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण

देश के 13 प्रदेशों और केंद्रशासित प्रदेशों के 60 फीसदी से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जा चुका है। हालांकि 12 प्रदेशों और केंद्रशासित प्रदेशों में 40 फीसदी से कम स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया है। पीछे चल रहे इन प्रदेशों में असम, दिल्ली, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, दादर और नागर हवले, लद्दाख, तमिलनाडु, चंडीगढ़, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर और पुडुचेरी शामिल हैं।

टीकाकरण में यूपी-बिहार सबसे आगे:

टीकाकरण की रेस में यूपी और बिहार सबसे आगे है। अकेले उत्तर प्रदेश में रविवार सुबह तक 6,73,542 लोगों को टीका लगाया जा चुका है, जबकि बिहार में यह आंकड़ा 3,68,413 है। लेकिन कुल स्वास्थ्यकर्मियों के प्रतिशत के लिहाज से बिहार टीकाकरण में सबसे आगे है। यूपी में जहां अभी केवल 69 फीसदी स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया है, वहीं बिहार में 76.6 फीसदी से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया। उत्तर प्रदेश पहला राज्य है जहां सबसे पहले 5 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया, लेकिन अब यहां दूसरे चरण का टीकाकरण शुरू हो चुका है। इसके अलावा हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली में दूसरे चरण का टीकाकरण शुरू हुआ है।

राज्य टीका लगवाने वाले स्वास्थ्यकर्मी (कुल संख्या के प्रतिशत के रूप में)

छत्तीसगढ़ 60.5

अंडमान एवं निकोबार 62.9

लक्ष्यद्वीप 64.5

हिमाचल प्रदेश 66.8

राजस्थान 67.3

ओडिशा 67.6

केरल 68.1

यूपी 69

मिजोरम 69.7

उत्तराखंड 71.5

त्रिपुरा 76

मध्य प्रदेश 76.1

बिहार 76.6