जयपुर ग्रामीण सीट पर भाजपा के राव राजेंद्र जीते:कांग्रेस प्रत्याशी बोले- प्रशासन ने नतीजों को प्रभावित करने का काम किया; री-काउंटिंग की मांग खारिज

जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट पर भाजपा के राव राजेंद्र सिंह करीब 1615 मतों से चुनाव जीत गए हैं। यहां नतीजों को लेकर विवाद होने से काफी देर तक चुनाव परिणाम रुका रहा।

कांग्रेस प्रत्याशी ने पोस्टल बैलेट के मतों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए दोबारा काउंटिंग की मांग की, लेकिन उनकी मांग खारिज कर दी गई थी। केवल आंकड़ों को दोबारा से जोड़ा गया था। इस पर अनिल चोपड़ा रिटर्निंग ऑफिसर के कमरे में धरने पर बैठ गए। राव राजेंद्र की जीत घोषित होने के बाद चोपड़ा मतगणना केंद्र से बाहर आ गए।

अनिल चोपड़ा ने मतगणना केंद्र के बाहर अपने समर्थकों को संबोधित किया। उन्होंने अपने समर्थकों से संयम बरतने की बात कही। उन्होंने कहा कि हमें जनता ने आशीर्वाद दिया, जिसके कारण हमें 6 लाख से ज्यादा वोट मिले हैं। हमें यह परिणाम 1 प्रतिशत भी स्वीकार नहीं है। प्रशासन के लोगों ने जिस तरह से हमारे साथ कुठाराघात किया है। 4 घंटे तक इन लोगों ने आपस में कानाफूसी करके इस चुनाव परिणाम को प्रभावित करने का काम किया है।

कांग्रेस विधायकों की पुलिस से बहस
इससे पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और शाहपुरा विधायक मनीष यादव कॉमर्स कॉलेज पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने दोनों को ही अंदर नहीं जाने दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक JLN मार्ग पर प्रदर्शन करने लगे। कांग्रेस विधायक अभिमन्यु पूनिया, रामनिवास गावड़िया और विद्याधर चौधरी भी कॉमर्स कॉलेज पहुंचे। यहां एंट्री को लेकर उनकी पुलिस से बहस हुई।

जयपुर शहर लोकसभा सीट के 8 विधानसभा क्षेत्रों में से भाजपा प्रत्याशी राव राजेंद्र सिंह को झोटवाड़ा और फुलेरा विधानसभा क्षेत्र से बढ़त मिली, जबकि अनिल चोपड़ा को विराट नगर, कोटपूतली, आमेर, शाहपुरा, जमवारामगढ़ और बानसूर विधानसभा क्षेत्र में बढ़त मिली।

जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट के लिए कॉमर्स कॉलेज में 106 टेबल पर 161 राउंड में 2 हजार 128 ईवीएम और 50 टेबल पर डाक मतपत्र की मतगणना हुई। इस सीट पर कुल 57.67% मतदान हुआ था।

जयपुर ग्रामीण लोकसभा में विधानसभा अनुसार रिजल्ट

विधानसभा क्षेत्र अनिल चोपड़ा (कांग्रेस) राव राजेंद्र सिंह (भाजपा)
कोटपूतली 68195 वोट मिले 50169 वोट मिले
विराटनगर 62515 वोट मिले 59869 वोट मिले
शाहपुरा 78446 वोट मिले 55227 वोट मिले
फुलेरा 74520 वोट मिले 78221 वोट मिले
झोटवाड़ा 89603 वोट मिले 170377 वोट मिले
आमेर 87921 वोट मिले 82996 वोट मिले
जमवारामगढ़ 74560 वोट मिले 55975 वोट मिले
बानसूर 66533 वोट मिले 55355 वोट मिले
पोस्टल बैलेट —- —-
कुल