ज्यादा बच्चों वाले… अब मोदी, योगी और अटल के परिवार पर ओवैसी ने उठाया सवाल

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) नेता अकबरुद्दीन ओवैसी ने हैदराबाद में सार्वजनिक सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और दिवंगत अटल बिहारी वाजेपेयी के परिवार पर सवाल उठा दिया। पीएम मोदी के बयान को लेकर उन्होंने कहा, ‘क्या हम (मुसलमान) घुसपैठिए और कई बच्चों वाले लोग हैं? क्या आप जानते हैं कि अटल बिहारी वाजपेयी के कितने भाई-बहन थे। वाजपेयी को लेकर भाई-बहनों की संख्या 7 थी। ऐसे में क्या वह परिवार ज्यादा बच्चा पैदा करने वाला नहीं हुआ? क्या मुसलमान बहुत सारे बच्चे रखने वाले लोग हैं?’

अकबरुद्दीन ओवैसी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ और उनके भाई-बहन संख्या में 7 है। अमित शाह और उनकी बहनों को मिलाकर 7 लोग हैं। ऐसे में क्या हम ज्यादा बच्चे पैदा कर रहे हैं? नरेंद्र मोदी और उनके भाई-बहन संख्या में 6 है। इतना ही नहीं, अशोक सिंघल भी 7 भाई-बहन थे। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत 4 भाई-बहन हैं। उन्होंने कहा, ‘बताइए कि क्या यह छोटा परिवार है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी 7 भाई-बहन हैं। अब वो लोग क्या बोलेंगे? हम लोग घुसपैठिए नहीं हैं। हमने इस मुल्क को ताज महल की खूबसूरती दी है। कुतुब मीनार की बुलंदी दी है। लाल किला, जामा मस्जिद और चार मीनार भी दिए हैं। हम वही हैं, जिसने इस मुल्क को सजाया है।’