ताकि प्यासी न रहे दिल्ली, मुनक नहर पर पांच थानों की पुलिस का पहरा; 24 घंटे 170 जवान कर रहे निगरानी

दिल्ली में पांच थानों के 170 पुलिसकर्मी, पीसीआर वैन और बड़ी संख्या में बाइक। मुनक नहर के पास रहने वाले वाले लोग गुरुवार को यह नजारा देखकर हैरान रह गए। उन्होंने इलाके में कभी इतनी पुलिस एकसाथ नहीं देखी थी। अहम बात यह है कि ये सुरक्षाकर्मी लोगों के लिए नहीं, बल्कि मुनक नहर से पानी चोरी रोकने के लिए लगाए गए हैं।

दिल्ली में लगातार बढ़ रही पानी की किल्लत और मुनक नहर से पानी चोरी की मिल रही शिकायतों को लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है। बवाना से हैदरपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक करीब 15 किलोमीटर के हिस्से में पानी की चोरी रोकने के लिए तीन शिफ्ट में करीब 170 पुलिसकर्मी 24 घंटे गश्त कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि नहर पर गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने टैंकर माफिया पर कार्रवाई भी की है। मुनक नहर से अवैध रूप से पानी भर रहे तीन टैंकरों को पुलिस ने जब्त किया है। साथ ही छह लोगों पर कार्रवाई की है।