G-7 में मिल सकते हैं PM मोदी और जो बाइडेन, US बोला- पन्नू की हत्या की साजिश का उठाएंगे मुद्दा

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में मिल सकते हैं। व्हाइट हाउस ने बुधवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के भारतीय प्रधानमंत्री से सम्मेलन में मिलने की उम्मीद है। अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) जेक सुलिवन ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बाइडेन ने पीएम मोदी को फोन पर तीसरे कार्यकाल के लिए बधाई दी। भारत ने फिलहाल औपचारिक रूप से उनकी (मोदी) उपस्थिति की पुष्टि नहीं की है। हालांकि, उन्हें मोदी से मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि हमें पूरी उम्मीद है कि इटली में दोनों को एक-दूसरे से मिलने का अवसर मिलेगा। यह पूछे जाने पर कि क्या खालिस्तानी समर्थक गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के आरोपों पर चर्चा होगी। सुलिवन ने कहा कि हमने इस मुद्दे पर अपने विचार बता दिए हैं और यह अमेरिका और भारत के बीच बातचीत का एक सतत विषय रहेगा।