रणघोष अपडेट. देशभर से
केंद्र सरकार ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि नीट यूजी 2024 परीक्षा में दिए गए ग्रेस मार्क्स रद्द कर दिए गए हैं। करीब 1563 छात्र-छात्राओं को ग्रेस मार्क्स दिए गए थे। नीट एंट्रेंस परीक्षा को लेकर तमाम आरोप लग रहे थे। पहले नीट का पेपर लीक हुआ। फिर 4 जून को चुपचाप नीट का नतीजा चुनाव नतीजों की आड़ में घोषित कर दिया गया। इसमें तमाम छात्र ऐसे थे जो ग्रेस मार्क्स लेकर एक ही रैंक में आए थे। नतीजों पर देशभर में तीखी प्रतिक्रिया हुई। परीक्षा लेने वाली संस्था नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने लीपापोती की कोशिश की। वो खंडन करता रहा कि पेपर लीक नहीं हुआ, ग्रेस मार्क्स सही दिए गए। लेकिन छात्र संतुष्ट नहीं थे। 1563 छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा 23 जून को होगी, जबकि इसका नतीजा 30 जून को घोषित किया जाएगा। केंद्र ने घोषणा की है कि इन 1,563 छात्रों को दोबारा परीक्षा देने का विकल्प दिया जाएगा। इस कदम का मकसद परीक्षा प्रक्रिया में निष्पक्षता तय करना है। केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट को इस मुद्दे के समाधान के लिए उठाए गए कदमों की भी जानकारी दी। सरकार ने बताया कि आरोपों की जांच के लिए 10, 11 और 12 जून को कमेटी की बैठक हुई। समिति की सिफारिशों के आधार पर प्रभावित छात्रों के स्कोरकार्ड रद्द किए गए जा रहे हैं। इन छात्रों के लिए फिर से परीक्षा होगी।
एडमिशन नहीं रुकेगा
सुप्रीम कोर्ट ने NEET-UG 2024 के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया को नहीं रोकने के अपने फैसले की फिर पुष्टि की है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा, “काउंसलिंग तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगी और इसमें कोई रुकावट नहीं होगी। यदि परीक्षा जारी रहती है, तो बाकी सब कुछ भी आगे बढ़ेगा, इसलिए चिंता का कोई कारण नहीं है।”