मनोहरलाल ने दिया हर बूथ जीतने का लक्ष्य, गांव चलो अभियान चलेगा

बिप्लब बोले-कार्यकर्ता के लिए सब संभव, जीत तय


रणघोष अपडेट.फरीदाबाद
सूरज कुंड में ‘‘गांव चलो अभियान’’  के लिए बुलाई गई भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की कार्यशाला में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कार्यकर्ताओं को हर बूथ जीतने का लक्ष्य दिया, तो प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए सब कुछ संभव बताया। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि सभी सीटें जीतना तो तय है, लेकिन सभी बूथ जीतेंगे तो ही सभी कार्यकर्ताओं के मन में जीत की खुशी होगी। जबकि बिप्लब देब ने भी दसों सीटें जीतने का दावा करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए कुछ भी असम्भव नहीं है। तीन घंटे से अधिक समय तक चली इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने भी गांव चलो अभियान के तहत आगामी दिनों में 24 घंटे बूथों पर रहने वाले 350 पदाधिकारियों को हर घर मोदी-मनोहर की योजनाओं को पहुंचाने का टास्क दिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा सबसे बड़ी लोकतांत्रित पार्टी है और भाजपा का लगातार विस्तार हो रहा है। पार्टी कैसे सुदृद्ध बनें, कैसे सर्वस्पर्शी बनें इस पर हमें फोकस रखना है। उन्होंने कहा कि चुनाव तो आते-जाते रहते हैं और परिस्थितियों के अनुसार समाज की अपेक्षाएं बदल जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने में तकनीक की मदद लेनी होगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि गांव चलो अभियान के तहत लाभार्थियों से संपर्क करें और उनकी मन की बात जानें। उन्होंने कहा कि हम बार-बार लोगों से मिलेंगे तो जो हमारे नहीं हैं वे भी हमारे हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि हर बूथ पर 51 प्रतिशत से ज्यादा मत सुनिश्चित करना है। विकसित भारत यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हर वार्ड, हर गांव तक यह यात्रा पहुंची है और लोगों को सरकार की योजनाओं से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि जो कभी सपने में भी नहीं सोच सकते थे वह काम प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी वाली गाड़ी ने करके दिखाया है।

   

अहंकार से बचें कार्यकर्ता, जीत तय:  बिप्लब दे

 प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कहा कि लोकसभा चुनाव सिर पर आ गए हैं। हमें जनसंपर्क अभियान को और तेज करना है। कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर सार्थक संवाद करें और अहंकार की बातों से बचें। उन्होंने कहा कि आज लोग बीजेपी को पसंद कर रहे हैं। आने वाले समय में सभी बीजेपी में ही आने वाले हैं, क्योंकि भाजपा की राजनीतिक छवि बहुत अच्छी है। बिप्लब देब ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की स्पीड की तुलना कांग्रेस से नहीं हो सकती। एक तरफ 60 साल बदहाली के और दूसरी तरह 10 साल तरक्की के हैं। सभी को पता है 10 साल में मोदी जी ने कितना काम किया है, क्योंकि मोदी की स्पीड़ बहुत तेज है। 2014 में सत्ता में जब मोदी जी आए हमारी इकोनॉमी कहीं नजर नहीं आती थी। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की प्रशंसा करते हुए बिप्लब देब ने कहा कि मोदी और मनोहर दोनों ही संगठन मंत्री थे।

नायब सैनी ने दिया घर-घर पहुंचने का टास्क

प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कहा कि गांव चलो अभियान के तहत पहले 7 और 8 फरवरी को प्रदेश के 311 मंडलों में मंडल कार्यशालाएं होगी तथा 350 पदाधिकारी मंडलों में जाएंगे और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे। उन्होंने कहा कि 9 और 10 फरवरी को कार्यकर्ता 24 घंटों के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान प्रवासी कार्यकर्ता हर बूथ पर कार्यकर्ताओ से मिलेंगे।
नायब सैनी ने कहा कि गांव चलो अभियान के तहत प्रवास चार चरणों में होगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे और बूथ की जानकारी लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रवास के दौरान ही वहां के प्रमुख लोगों के साथ-साथ धार्मिक और सामाजिक लोगों से भी मुलाकात करनी है। उन्होंने कहा कि मंदिर, गुरूद्वारा, शहीद स्मारकों पर सफाई अभियान के तहत साफ सफाई करनी है।
कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ौली, डा. अर्चना गुप्ता ने मंच संचालन किया। पूर्व मंत्री विपुल गोयल ने कार्यशाला में नारी शक्ति वंदन पर अपने विचार रखें, वहीं डा. पवन सैनी ने गांव चलो अभियान की रूपरेखा समझाई और जवाहर सैनी ने विश्वकर्मा योजना के बारे में विस्तार से बताया। यहां पहुंचने पर फरीदाबाद के जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा ने सभी नेताओं का स्वागत किया।  इस मौके पर संगठनमंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, गृहमंत्री अनिल विज, कृषि मंत्री जेपी दलाल, मंत्री डॉ.. बनवारी लाल, मंत्री कमलेश ढांडाविधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, मंत्री संदीप सिंह, मंत्री मूलचंद शर्मा, सांसद रमेश कौशिक, सांसद संजय भाटिया, सांसद धर्मबीर सिंह, राज्यसभा सांसद कृष्ण पंवार, डीपी वत्स, प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बडौली, डा. अर्चना गुप्ता, सुरेंद्र पुनिया, रणबीर गंगवा, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा, पूर्व मनीष ग्रोवर, अशोक तंवर, फरीदाबाद विधायक राजेश नागर, सीमा त्रिखा, नरेंद्र गुप्ता, दीपक मंगला, प्रवीण डागर, जगदीश नायर सहित अनेक विधायक व पदाधिकारी उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *