PM मोदी ने ओडिशा को ‘विकास’ की सौगात दी, IIM सहित 18 प्रोजेक्ट का किया उद्घाटन, भाषण की 10 प्रमुख बातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ओडिशा के संबलपुर जिले के दौरे पर थे. इस दौरान उन्होंने 68 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया. प्रधानमंत्री ने संबलपुर स्थित भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) में 400 करोड़ रुपये के स्थायी परिसर के उद्धघाटन के अलावा ऊर्जा, सड़क और रेलवे जैसे अलग-अलग क्षेत्रों की 18 से अधिक परियोजनाओं का उद्घाटन किया.

पीएम मोदी के इस कार्यक्रम में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, राज्यपाल रघुबर दास और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, अश्विनी वैष्णव तथा बिशेश्वर टुडू भी उपस्थित रहे.

संबलपुर पीएम मोदी की भाषण की 10 खास बातें-

ओडिशा के रेलवे सेक्टर को पहले की तुलना में 12 गुना ज्यादा बजट दिया गया. पिछले, दस वर्षों में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत ग्रामीण ओडिशा में लगभग 50,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया गया.
केंद्र सरकार की मदद और प्रयासों से ओडिशा पेट्रोलियम और पेट्रो-रसायन के क्षेत्र में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है. उल्लेखनीय रूप से, पिछले दस सालों में पेट्रो-रसायन के क्षेत्र में 1.25 लाख करोड़ का निवेश हुआ है.
आज ओडिशा की विकास यात्रा के लिए बहुत ही अहम दिन है. मैं ओडिशा के लोगों को करीब 70 हजार करोड़ रुपये के इन विकास परियोजनाओं के लिए बहुत-बहुत बधाई देता ​हूं. ये परियोजनाएं ओडिशा में सुविधाओं के साथ-साथ यहां के नौजवानों के लिए हजारों नए अवसर लाने वाली हैं.
दो दिन पहले ही देश का नया बजट आया है. पिछले 10 वर्षों में जिस नीति पर चलते हुए देश के 25 करोड़ लोग, गरीबी से बाहर निकले हैं, ये बजट उसी नीति को और मजबूत करता है. बजट का ऐलान है- गरीबों को सशक्त करने की गारंटी. हमारे युवा हों, महिलाएं हों, किसान हों, मछली पालक हों, ये बजट सबके विकास की गारंटी देता है.
मेरा कोई गरीब भाई-बहन झुग्गी-झोपड़ी में न रहे, इसके लिए मैं दिन-रात एक कर रहा हूं. किसान हों, मछली पालक हों, मछुआरे हों… इनकी आय बढ़े, इनका जीवन आसान हो, ये भाजपा सरकार की प्राथमिकता रही है.
बीते 10 वर्षों में ​हमने उन गांवों में भी बिजली पहुंचाई, जो देश की आजादी के बाद भी अंधेरे में थे. हम LED बल्ब की नई क्रांति देश में लाए ताकि गरीब का बिजली बिल कम हो. अब हमारा प्रयास है कि देश के गरीब का बिजली बिल भी जीरो हो जाए इसलिए इस बजट में 1 करोड़ परिवारों के लिए रूफटॉप सोलर पावर स्कीम की घोषणा की गई है.
बीते 10 वर्षों में करीब 1 करोड़ बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं. इस वर्ष के बजट में 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य उठाया गया है.
2014 के पहले 10 वर्षों तक, केंद्र में जो सरकार थी, वह बजट में जितनी घोषणाएं करती थी, उससे कई गुना बड़े घोटाले करती थी.
2014 से पहले भारत का युवा निराशा में डूबा था, उसका भविष्य अंधेरे में था, आज भारत का युवा आत्मविश्वास से भरा है क्योंकि उसके पीछे ईमानदार भाजपा सरकार खड़ी है.
दिल्ली में जब कांग्रेस का राज था, तब ओडिशा को अपने हक के लिए भी परेशान होना पड़ता था. आज आपका ये बेटा दिल्ली में बैठा है, इसलिए आज ओडिशा के विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है.