मुंबई में एक्टर सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग

रणघोष अपडेट. देशभर से 

मुंबई पुलिस ने कहा कि रविवार सुबह 5 बजे दो अज्ञात लोगों ने बांद्रा में अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी की। पुलिस को तीन राउंड फायरिंग की जानकारी मिली है। अभी जांच जारी है। हालांकि पीटीआई ने कहा कि लोगों ने बांद्रा इलाके में गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर चार राउंड फायरिंग की आवाज सुनी, जहां सलमान रहते हैं।पुलिस ने बताया कि जिस इमारत में सलमान रहते हैं, उसकी पहली मंजिल की दीवार पर भी एक गोली लगी, पुलिस ने कहा कि गोलीबारी में विदेशी पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया था। मुंबई पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और गोलीबारी करने वाले व्यक्तियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पिछले साल, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कहा था कि सलमान खान उन 10 मुख्य टारगेट की सूची में शीर्ष पर हैं, जिन्हें जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने खत्म करने की योजना बनाई है। नवंबर 2022 से, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार की धमकियों के बाद सलमान खान की सुरक्षा को वाई-प्लस तक बढ़ा दिया गया है। सलमान को निजी हथियार रखने का लाइसेंस भी दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर उन्होंने एक नई बुलेटप्रूफ गाड़ी भी खरीदी है।लारेंस बिश्नोई ने खुलासा किया था कि उनके गुर्गे, संपत नेहरा ने संभावित हमले के लिए सलमान खान के बांद्रा आवास का सर्वे किया था। हालांकि, नेहरा को हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने बाद में पकड़ लिया था।सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना पर शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने प्रतिक्रिया दी है। दुबे ने एकनाथ शिंदे की सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, ”अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। मुंबई और महाराष्ट्र में कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। आपने देखा कि हाल ही में मुंबई में गोलीबारी हुई और डोंबिवली में भी एक विधायक पर गोलीबारी हुई। यह कैसी कानून व्यवस्था है? गृह मंत्री, मुख्यमंत्री, आप कहां हैं? गृह मंत्री को इस घटना का संज्ञान लेना चाहिए…।” .