रणघोष की सीधी सपाट बात : सही समय पर राम का स्मरण कर रहे लक्ष्मण, भाजपा को भी यही अंदाज चाहिए

रणघोष खास. सुभाष चौधरी

हरियाणा में कोसली विधानसभा से भाजपा विधायक लक्ष्मण यादव इन दिनों अपने अलग ही अंदाज में हर जगह असरदार नजर आ रहे हैं। पिछले दिनों विधानसभा सत्र के दौरान लक्ष्मण यादव ने सुर लय के साथ देशभक्ति गीत सुनाया तो मुख्यमंत्री मनोहरलाल उनसे इतने प्रभावित हुए की उन्होंने सदन में ही इस नेता को राज्य गीत के लिए गठित कमेटी  का चेयरमैन बना दिया। बुधवार को गीत फाइनल करने को लेकर चंडीगढ़ में पहली मीटिंग भी हुई जिसमें काफी सुझाव आए जिस पर कार्य चल रहा है।

 दरअसल लक्ष्मण यादव जनप्रतिनिधि के साथ साथ मद मस्त अंदाज के लिए भी जाने जाते  हैं। इसलिए जब भी उन्हें कार्यक्रमों में अवसर मिलता है अपने अंदाज में गीत- गानो की महफिल जमा देते हैं। इन दिनों वे राम पर धूम मचा रहा गीत मेरी झोपड़ी के भाग्य आज खुल जाएंगे राम आएंगे.. का मुखड़ा अपने अंदाज में.सुनाकर यह अहसास कराने में सफल हो गए की भाजपा के लिए राम के साथ साथ लक्ष्मण भी कितना जरूरी है। भाजपा भावनाओं की राजनीति में हमेशा सफल रही है। 2024 के लोकसभा एव हरियाणा विधानसभा चुनाव में यह साफ जाहिर हो रहा है कि राम नाम की लूट रहेगी। किसके हिस्से में यह लूट कितनी आती है यह समय बताएगा। इतना जरूर है की देश की राजनीति पूरी तरह राम शरणम गच्छामि में बदलती  जा रही है। इसलिए लक्ष्मण यादव हरियाणा के पहले ऐसे विधायक बनकर सामने आए हैं जिसने राम नाम का बिना शोर मचाए चुपके से अपने व्यक्तित्व में ढाल उसे गीतों के जरिए आमजन में पहुंचा दिया। लक्ष्मण को राजनीति तौर पर इसका कितना फायदा मिलेगा यह कहना अभी तर्कसंगत नहीं होगा इतना जरूर है लक्ष्मण वहीं कर रहे हैं जिसे भाजपा का मिजाज कहा जाता है।     

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *