रोहतक से हरियाणा की सभी सीटों पर भाजपा की नजर

रेवाड़ी के अरविंद यादव एक बार फिर विशेष रणनीतिकारों में शामिल


रणघोष अपडेट. रोहतक. चंडीगढ़
हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा हाईकमान रोहतक मुख्य कार्यालय से पैनी नजर रखेगी। बूथ मैनेजमेंट से लेकर प्रत्याशी के भाषण तक को जांचा और परखा जाएगा। इस मुख्यालय पर रेवाड़ी से भाजपा के वरिष्ठ नेता अरविंद यादव मुख्य इंचार्ज के तौर पर टीम के साथ प्रत्येक लोकसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
अरविंद यादव को हरियाणा में एवं बाहर अन्य राज्यों के चुनावों में भी बड़ी जिम्मेदारियां मिलती रही है जिस पर वे लगभग खरे उतरे हैं। इसलिए हाईकमान उनकी कुशल राजनीति प्रबंधन का इस्तेमाल विशेष मौकों पर करती आ रही है। रोहतक संसदीय सीट जीतना इस बार भी भाजपा के लिए बेहद ही चुनौती पूर्ण है। यहां भी अरविंद यादव लोकसभा इंचार्ज के तौर पर जिम्मेदारी निभा रहे हैं। रोहतक भाजपा मुख्यालय इस चुनाव में एक तरह से पूरे प्रदेश को संचालित कर रहा है। इस मुख्यालय में चुनाव से संबंधित अलग अलग टीमें पूरी तरह से सक्रिय तौर पर अपने मिशन में लगी हुई है। साथ ही चुनाव की कार्यप्रणाली की एक एक रिपोर्ट से हाईकमान को अवगत कराया जा रहा है। अरविंद यादव की अगुवाई में टीम प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में जाकर अलग से मौजूदा माहौल की रिपोर्ट से हाईकमान को अवगत कराएगी। यानि भाजपा चुनाव प्रबंधन अन्य राजनीतिक दलों के मुकाबले काफी आगे चल रही हैं। देखना यह होगा कि चुनाव परिणाम में यह प्रबंधन कितना कारगर साबित होता है।