एयर इंडिया हादसे की रिपोर्ट पर भड़का पायलट्स एसोसिएशन, बोला- बिना किसी अधिकारी के साइन के लीक की गई

Air India Report: एयर इंडिया विमान हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट पर एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया भड़क गया है। उसने कहा है कि जांच का लहजा और दिशा पायलट की गलती की ओर झुकाव का संकेत देती है। एसोसिएशन ने रिपोर्ट में इस धारणा को खारिज करते हुए ‘निष्पक्ष, तथ्य आधारित जांच’ की मांग की है।

एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने कहा, “रिपोर्ट बिना किसी जिम्मेदार अधिकारी के हस्ताक्षर या जानकारी के मीडिया में लीक कर दी गई। जांच में पारदर्शिता का अभाव है क्योंकि जांच गोपनीयता में लिपटी हुई है, जिससे विश्वसनीयता और जनता का विश्वास कम हो रहा है। योग्य, अनुभवी कर्मियों, खासकर लाइन पायलटों को अभी भी जांच दल में शामिल नहीं किया जा रहा है।”

पिछले महीने 12 जून को हुए विमान हादसे में 260 लोगों की मौत हो गई थी। एयर इंडिया एआई 171 विमान अहमदाबाद से ब्रिटेन के गैटिवक एयरपोर्ट जा रहा था। टेकऑफ करते ही विमान हादसे का शिकार हो गया था। शुरुआती रिपोर्ट में सामने आया है कि विमान के दोनों ईंधन स्विच एक साथ ही कटऑफ हो गए थे, जिसकी वजह से इंजन को ईंधन मिलना बंद हो गया था।

उड़ान के अंतिम क्षणों में, कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर पर एक पायलट को दूसरे से यह पूछते हुए सुना गया कि उसने ईंधन क्यों बंद कर दिया। रिपोर्ट में कहा गया है, “दूसरे पायलट ने जवाब दिया कि उसने ऐसा नहीं किया।”

अहमदाबाद से लंदन जा रहे बोइंग 787 ड्रीमलाइनर ने उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद थ्रस्ट खोना और नीचे की ओर गिरना शुरू कर दिया था। दुर्घटना के बारे में भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने अपनी शुरुआती रिपोर्ट पेश की है।

विमान के जमीन से उड़ान भरने के लगभग तुरंत बाद, क्लोज-सर्किट टीवी फुटेज में रैम एयर टर्बाइन नामक एक बैकअप ऊर्जा स्रोत सक्रिय होते हुए दिखाई दिया, जो इंजनों की शक्ति में कमी का संकेत देता है।

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने स्थानीय समाचार चैनलों से कहा, “हम पायलटों के कल्याण और भलाई के लिए चिंतित हैं, इसलिए इस समय किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें और अंतिम रिपोर्ट का इंतजार करें।”

एयर इंडिया ने एक बयान में इस रिपोर्ट को स्वीकार किया। एयरलाइन ने कहा कि वह भारतीय अधिकारियों के साथ सहयोग कर रही है, लेकिन आगे कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।