यूके के चुनाव में इस बार भारतीयों की धमक खूब सुनाई दी है। संसद में 26 भारतीय मूल के सांसद चुनकर पहुंचे हैं। कंजरवेटिव पार्टी (टोरी) चुनाव भले ही हार गई हो लेकिन इसकी नवनिर्वाचित सांसद भारतीय मूल की शिवानी राजा की चर्चा खूब हो रही है। उन्होंने इस बार लाइसेस्टर ईस्ट की सीट से चुनाव जीता है। शिवानी ने लंदने के पूर्व डिप्टी मेयर राजेश अग्रवाल को मात दी। गौर करने वाली बात यह है कि 37 साल बात इस सीट पर किसी टोरी की नेता की जीत हुई है।
लाइसेस्टर ईस्ट की सीट पर लेबर पार्टी की मजबूत पकड़ मानी जाती थी। 37 साल में पहली बार इस सीट पर टोरी का कब्जा हुआ है। लाइसेस्टर ईस्ट में शिवानी राजा को 14526 वोट मिले हैं। राजेश अग्रवाल के खिलाफ 4 हजार से ज्यादा वोटों से उनकी जीत हुई है। राजा गुजराती मूल की हैं। उनके परिवार के लोग दीव मं रहते थे। चुनाव के दौरान शिवानी लगातार ब्रिटेन में रहने वाले भारतीय प्रवासियों से जुड़ी रहीं जिसका फायदा भी उनको मिला।
हाल ही में चुनाव प्रचार के दौरान वह शिव कथा सुनने पहुंची थीं। इसके बाद उन्होंने वहां पर गरबा भी किया। उन्होंने भारत में रहने वाले ब्रिटिश वोटर्स को भी प्रभावित किया और उनसे ऑनलाइन वोटिंग करने की अपील की। खास तौर पर दीव और गुजरात में रहने वाले ब्रिटिश लोगों से शिवानी राजा ने संपर्क किया।
लाइसेस्टर वही शहर है जहां 2022 में क्रिकेट मैच के दौरान भारतीय और पाकिस्तानी लोगों में झड़प हो गई थी। इस बार चुनाव प्रचार के दौरान देखा गया कि कीर स्टार्मर ने भी भारतीयों और हिंदुओं को रिझाने की कोशिश की है। वहीं उन्होंने यह भी कहा था कि सरकार बनने के बाद वह भारत साथ रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाएंगे जिसमें मुक्त व्यापार समझौता भी शामिल होगा।