भाजपा के 40 नामों पर लग सकती है मुहर –
हरियाणा में बीजेपी उम्मीदवारों की लिस्ट का सभी को बेसब्री से इंतज़ार है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक शुरू हो चुकी है, जिसमें उम्मीदवारों के नामों पर मंथन जारी है. बताया जा रहा है कि बैठक के बाद आज या कल में बीजेपी की पहली लिस्ट भी जारी हो सकती है.
रणघोष अपडेट. नई दिल्ली. चंडीगढ़
हरियाणा में 1 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग की जाएगी. इससे पहले बीजेपी और कांग्रेस समेत सभा राजनीतिक दल उम्मीदवारों के नामों पर मंथन कर रहे हैं. बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी है जिसमें हरियाणा के लिए बीजेपी के उम्मीदवारों के नामों पर मंथन किया जा रहा है और बताया जा रहा है कि बैठक के बाद आज देर रात या शुक्रवार को बीजेपी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट भी जारी कर सकती है.
बीजेपी सीईसी की चल रही बैठक
दिल्ली में आज रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक हो रही है. बैठक के लिए दिल्ली में बीजेपी के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है. बीजेपी पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी सीईसी की बैठक में शामिल हैं. अभी तक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बीजेपी पहली लिस्ट में 90 में से 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है.
3 सांसद लड़ सकते हैं चुनाव
अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे. वहीं पार्टी 2 से 3 सांसदों को विधानसभा का चुनाव भी लड़वा सकती है. इस तरह की ख़बरें भी सामने आ रही है कि बीजेपी हरियाणा में जाट वोट बैंक को साधने के लिए बड़ा दांव खेल सकती है. बीजेपी अपने सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) को विधानसभा चुनाव में साथ ला सकती है और आरएलडी को जाटों के प्रभाव वाली सीटें भी दी जा सकती है. इसके अलावा बीजेपी गोपाल कांडा की हरियाणा लोकहित पार्टी और विनोद शर्मा की हरियाणा जन चेतना पार्टी को भी टिकट देने पर विचार कर रही है. गोपाल कांडा 5 सीटों पर दावा कर रहे हैं, जबकि विनोद शर्मा 2 सीटों पर दावा ठोंक रहे हैं.
टिकटों पर मंथन
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से पहले केंद्रीय मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा करने के लिए गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर कोर ग्रुप की बड़ी बैठक हुई. बैठक में हरियाणा बीजेपी के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खटटर, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा बीजेपी के अध्यक्ष मोहनलाल बडौली भी नड्डा के घर हुए बैठक में शामिल हुए. हालांकि नड्डा के घर हुई बैठक से भी पहले केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने आवास पर हरियाणा बीजेपी नेताओं के साथ एक बैठक की थी.हरियाणा के मौजूदा सियासी हालात : हरियाणा की बात करें तो अभी तक बीजेपी, कांग्रेस और AAP अकेले ही मैदान में उतर रही है. वहीं इनेलो ने बसपा के साथ गठबंधन कर लिया है. इनेलो 53, जबकि बसपा 37 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. वहीं JJP ने ASP (आजाद समाज पार्टी) के साथ गठबंधन किया है. जेजेपी 70, जबकि ASP 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.