अभिनेता से राजनेता बने विजय थलापति की राजनीति में फिल्मी एंट्री हो चुकी है। पहले चुनाव और फिर बहुमत को लेकर संघर्ष करने वाले विजय ने आज तमिलनाडु के नौवे मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। इसके बाद पहले ही दिन विजय के धुर विरोधी पूर्व मुख्यमंत्री स्टालिन ने उन पर तंज कसना शुरू कर दिया है। शपथ के बाद विजय को लिखे बधाई संदेश में स्टालिन ने कहा कि मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के लिए उन्हें हार्दिक बधाई, लेकिन तुरंत यह कहना शुरू मत कर दीजिएगा कि सरकार के पास पैसे नहीं है, क्योंकि सरकार के पर्याप्त मात्रा में पैसे हैं।
कांग्रेस समेत तमाम सहयोगियों के विजय के खेमे में जाकर बैठ जाने से नाराज चल रहे स्टालिन की कड़वाहट उनके बधाई संदेश में भी दिखी। सोशल मीडिया साइट एक्स पर उन्होंने लिखा,”मैं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय को पद की जिम्मेदारी संभालने के लिए बधाई देता हूं। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद ही उन्होंने जो आदेश दिए हैं उसका भी मैं स्वागत करता हूं। लेकिन तुरंत ही वह यह कहना शुरू न कर दें कि सरकार के पास पैसा नहीं है। क्योंकि सरकार के पास पर्याप्त पैसा है। जरूरत है, तो उसे जनता के पास पहुंचाने की इच्छाशक्ति और शासन चलाने की क्षमता की।”