डोनाल्ड ट्रंप के नक्शे से घबराया कनाडा, बोले पीएम – “टेबल पर नहीं तो मेन्यू में होंगे”

डोनाल्ड ट्रंप द्वारा शेयर किए गए AI नक्शे के बाद कनाडा में चिंता, पीएम मार्क कार्नी ने दावोस में दिया बड़ा बयान।


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक AI-जनरेटेड नक्शे ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है। इस नक्शे में कनाडा, ग्रीनलैंड और वेनेजुएला को अमेरिकी झंडे के रंग में दर्शाया गया, जिसे लेकर कनाडा में चिंता गहराती नजर आ रही है।

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम के दौरान बिना नाम लिए अमेरिका की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज की वैश्विक राजनीति में आर्थिक सहयोग को हथियार बनाया जा रहा है और टैरिफ का इस्तेमाल दबाव बनाने के लिए हो रहा है।

कार्नी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि मध्यम शक्ति वाले देश एकजुट नहीं हुए तो वे “निर्णय की मेज पर नहीं बल्कि मेन्यू में” होंगे। यह बयान ट्रंप के “ग्रेटर अमेरिका” जैसे विचारों की ओर सीधा संकेत माना जा रहा है।

कनाडा ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर कदम उठाए हैं। दक्षिणी सीमा पर एक अरब डॉलर से अधिक खर्च किए जा चुके हैं और उत्तरी सीमा को मजबूत करने के लिए भी भारी निवेश की योजना है। ग्रीनलैंड और वेनेजुएला को लेकर अमेरिका की आक्रामक नीति ने कनाडा की चिंताओं को और बढ़ा दिया है।