महेंद्रगढ़ में जड़ को उखाड़ भाजपा ने कवंर सिंह का पौधारोपण किया
– सिरसा से रोहताश जांगड़ा, फरीदाबाद एनआईटी से सतीश फागना को टिकट मिली
रणघोष अपडेट. महेंद्रगढ़
भाजपा हाईकमान ने महेंद्रगढ़ विधानसभा सीट पर अंतिम समय में कंवर सिंह यादव को टिकट देकर इस चुनाव में अलग तरह की भाजपा को जन्म दे दिया है। दूसरे शब्दो में कहे तो उसने जड़ को उखाड़कर कंवर सिंह यादव का पौधारोपण किया है। इस सीट पर भाजपा के साथ बड़े हुए प्रो. रामबिलास शर्मा का एकाधिकार रहा है। वे पांच बार विधायक, मंत्री और दो बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनकर इस पार्टी को संचालित भी करते आ रहे हैं। पंडित जी ने हाईकमान के आदेश की पालना करने की बजाय बुधवार को निर्दलीय उम्मीदवार नामाकंन भर दिया। जाहिर है ऐसा करते ही इस सीट पर भी घमासान होने की स्क्रिप्ट लिखी जा चुकी है। यहां गौर करने वाली बात यह है प्रो. रामबिलास शर्मा के नामांकन अवसर पर उनके आवास पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, नारनौल प्रत्याशी ओमप्रकाश समेत अनेक दिग्गज नेता मौजूद थे। इसके बावजूद उनकी टिकट का कटना यह साफ संकेत है की हाईकमान अब हरियाणा में लंबे समय तक एकछत्र राज करने वाली राजनीति को भी जड़ से हिलाने जा रही है। कंवर सिहं यादव की छवि बेहद ही शांत और भाजपा समर्पित कार्यकर्ता के तोर पर रही है। वे भाजपा जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं और अनेक सामाजिक संगठनों के अलावा सैंट्रल कॉपरेटिव बैंक महेंद्रगढ़ समिति के चेयरमैन पद पर रहकर अलग पोजीशन रखते हैं। कांग्रेस से राव दान सिंह उम्मीदवार है। जाहिर है पहली बार भाजपा ओर कांग्रेस में पहली बार एक ही समाज से दो धुरंधर आमने सामने होंगे।