काशी विश्वनाथ मंदिर के पुजारियों को राज्यकर्मी का दर्जा, वेतन तीन गुना बढ़ा

काशी विश्वनाथ मंदिर पुजारियों को राज्य कर्मचारी का दर्जा मिलेगा। नई सेवा नियमावली लागू, वेतन तीन गुना बढ़कर 80-90 हजार रुपये तक होगा।


वाराणसी के श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर से जुड़ी एक ऐतिहासिक घोषणा सामने आई है। मंदिर न्यास ने 40 साल बाद कर्मचारी सेवा नियमावली को मंजूरी दे दी है। इसके तहत पुजारियों और कर्मचारियों को अब राज्य कर्मचारी का दर्जा मिलेगा और उनका वेतन तीन गुना तक बढ़ जाएगा।

गुरुवार को हुई श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास परिषद की 108वीं बैठक में इस पर मुहर लगी। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने की।

अधिकारियों के अनुसार अब तक पुजारियों को करीब 30,000 रुपये मानदेय दिया जाता था, जो नई व्यवस्था में बढ़कर 80,000 से 90,000 रुपये हो जाएगा। साथ ही वेतन-भत्तों में इजाफा, पदोन्नति, अवकाश और अन्य सुविधाएं भी राज्य कर्मचारियों की तरह मिलेंगी।

सूत्रों के मुताबिक, पुजारियों, कर्मचारियों और सेवादारों की नियुक्ति के लिए नई नियमावली में चार श्रेणियां तय की गई हैं। इनमें राज्यकर्मियों की तरह ग्रेड और मैट्रिक्स प्रणाली लागू होगी।