पीएम मोदी ने 61 हजार से अधिक युवाओं को दी सौगात, रोजगार मेले में सौंपे गए नियुक्ति पत्र

Rozgar Mela 2026: प्रधानमंत्री मोदी ने 18वें रोजगार मेले में 61 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे, बोले– ये विकसित भारत के निर्माण का संकल्प पत्र है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश के युवाओं को एक बड़ी सौगात दी। 18वें रोजगार मेले के तहत प्रधानमंत्री ने विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्त होने वाले 61,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। यह आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया, जिसमें देशभर से चयनित अभ्यर्थी जुड़े।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का दिन हजारों युवाओं के जीवन में नई शुरुआत का प्रतीक है और यह नियुक्ति पत्र केवल नौकरी का कागज नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का निमंत्रण पत्र है।

नेशन बिल्डिंग का इनविटेशन लेटर: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा,
“आज के इस महत्वपूर्ण दिन देश के 61 हजार से अधिक नौजवान जीवन की नई शुरुआत कर रहे हैं। आज आप सभी को सरकारी सेवाओं के नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं। ये एक तरह से नेशन बिल्डिंग का इनविटेशन लेटर है। यह विकसित भारत के निर्माण को गति देने का संकल्प पत्र है।”

उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 की शुरुआत युवाओं के जीवन में नई खुशियां लेकर आई है। बसंत पंचमी के ठीक बाद यह अवसर युवाओं के जीवन में भी एक नई बसंत की शुरुआत जैसा है। साथ ही यह समय उन्हें संविधान के प्रति उनके कर्तव्यों से भी जोड़ता है, क्योंकि देश इस समय गणतंत्र के महापर्व को मना रहा है।

तेजी से बदलती टेक्नोलॉजी, खुद को अपग्रेड करने की जरूरत

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का दौर तेजी से बदलती टेक्नोलॉजी का है, जिसमें देश की जरूरतें और प्राथमिकताएं भी तेजी से बदल रही हैं। ऐसे समय में सरकारी कर्मचारियों के लिए खुद को लगातार अपडेट और अपग्रेड करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने बताया कि iGOT प्लेटफॉर्म से अब तक करीब डेढ़ करोड़ सरकारी कर्मचारी जुड़ चुके हैं और नए सिरे से प्रशिक्षण लेकर खुद को सशक्त बना रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का मंत्र है – “नागरिक देवो भव:”, और इसी भावना के साथ सभी को कार्य करना चाहिए।

रिफॉर्म एक्सप्रेस पर आगे बढ़ता भारत

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ पर आगे बढ़ रहा है। इसका उद्देश्य जीवन और कारोबार दोनों को आसान बनाना है। उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले में 8,000 से अधिक बेटियों को भी नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते 11 वर्षों में देश के वर्कफोर्स में महिलाओं की भागीदारी लगभग दोगुनी हो गई है, जो एक सकारात्मक और ऐतिहासिक बदलाव है।

युवाओं के लिए खुल रहे हैं नए वैश्विक अवसर

पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत सरकार कई देशों के साथ ट्रेड और मोबिलिटी एग्रीमेंट कर रही है, जिससे भारतीय युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए अवसर खुल रहे हैं। उन्होंने डिजिटल मीडिया, क्रिएटर इकोनॉमी और नई तकनीकों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत तेजी से एक ग्लोबल हब के रूप में उभर रहा है।

प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि आज नियुक्ति पत्र पाने वाले युवा देश की प्रशासनिक क्षमता को मजबूत करेंगे और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में अहम भूमिका निभाएंगे।